बोकारो | जिले के उग्रवाद प्रभावित झुमरा पहाड़ क्षेत्र का झुमरा गांव। अब धीरे-धीरे अपनी पुरानी पहचान पीछे छोड़ रहा है। जिस इलाके में कभी नक्सलियों की आवाजाही और डर का माहौल हावी रहता था। वहां अब पक्की सड़कें, दिशासूचक बोर्ड और निर्माण कार्य विकास की कहानी बयां कर रही हैं। तस्वीर में दिखती नई सड़क न सिर्फ गांव को प्रखंड और जिला मुख्यालय से जोड़ रही है, बल्कि लोगों के सपनों को भी नई दिशा दे रही है। उग्रवाद के खत्म होने के बाद प्रशासनिक पहुंच बढ़ी है और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार शुरू हुआ है। सड़क बनने से आवागमन आसान हुआ, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर गांव तक पहुंचने लगे हैं। झुमरा गांव के लिए यह सड़क केवल डामर की परत नहीं, बल्कि विश्वास, सुरक्षा और विकास की मजबूत नींव है, जो यह संदेश देती है कि झुमरा पहाड़ अब भय नहीं, बल्कि उम्मीद के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।


