लुधियाना| नगर निगम कर्मचारी यूनियन की माता रानी चौक स्थित कार्यालय में चेयरमैन नरेश धींगान की अध्यक्षता में एक हंगामी बैठक हुई। इसमें 21 जनवरी को जोन-ए कार्यालय के सामने प्रस्तावित विशाल गेट रैली की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में वाइस चेयरमैन रवि बाली और प्रधान विक्की रहेला ने कर्मचारियों को एकजुट होने का आह्वान किया। चेयरमैन धींगान ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि विधायकों द्वारा मुख्यमंत्री के साथ 2 जनवरी को बैठक कराने का भरोसा दिया गया था, जो अब तक पूरा नहीं हुआ। यूनियन की मुख्य मांगों में ठेकेदारी प्रथा समाप्त करना, ओवरएज और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को पक्का करना तथा कूड़ा उठाने का काम ठेके पर देने के फैसले को वापस लेना शामिल है। मुलाजिमों में व्याप्त रोष के चलते यूनियन ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। नेताओं ने चेतावनी दी कि 21 जनवरी की यह रैली पंजाब सरकार और निगम प्रशासन की जनविरोधी नीतियों की जड़ें हिला देगी। बैठक में भारी संख्या में यूनियन पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


