भास्कर न्यूज | लुधियाना बाजवा नगर स्थित वेद निकेतन धाम में आगामी 3 फरवरी से 9 फरवरी तक आध्यात्मिक समागम होने जा रहा है। वेद निकेतन धाम पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित होने वाले 49वें विराट धर्म सम्मेलन, महायज्ञ और श्रीमद् भागवत महापुराण कथा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महामंडलेश्वर स्वामी वेद भारती महाराज का पावन सान्निध्य रहेगा, जबकि कथा व्यास रविनंदन शास्त्री प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 7 बजे तक कथा सुनाएंगे। समारोह का समापन 9 फरवरी दिन सोमवार को होगा। सुबह 10 बजे महायज्ञ की पूर्णाहुति डाली जाएगी और दोपहर 12 बजे से प्रभु इच्छा तक विशाल भंडारा आयोजित होगा। आयोजन समिति की विशेष बैठक में स्वामी प्रिया भारती, स्वामी अमिता भारती, स्वामी चैतन्य भारती, स्वामी सुगीता भारती, स्वामी सुमेधा भारती और स्वामी सुकीर्ति भारती ने बताया कि इस आयोजन में देश के कोने-कोने से सनातन धर्म के शीर्ष संत, महामंडलेश्वर और विद्वान पधार रहे हैं। ट्रस्ट के पदाधिकारियों के अनुसार, मुख्य यजमान सुनीता रानी-रमेश कुमार, रजनी रानी-सुशील मग्गो और अनीता रानी-तजिन्द्र कुमार सपरिवार पूजन कर कथा का शुभारंभ करेंगे। बैठक के दौरान सुंदर दास मोंगा, साहिल खुराना, ज्ञानचंद अग्रवाल, नरेश बांसल, आयुष, पुरुषोत्तम दास गुप्ता, जोगिन्द्र क्वात्रा, विजय शर्मा, गुलशन दुआ, कृष्ण देव, रमन जैन, अमित सहगल और अमरजीत मनोचा सहित कई श्रद्धालु मौजूद रहे।


