भास्कर न्यूज | बारगांव जिले के बेरला ब्लॉक स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारगांव में 12 से 23 जनवरी तक राष्ट्रीय युवा दिवस और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने सामूहिक वंदे मातरम् गायन, योगाभ्यास और पारंपरिक खेलों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा सामूहिक वंदे मातरम् गान से हुई। बच्चों को बताया गया कि यह गीत बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित है और स्वतंत्रता संग्राम के दौरान क्रांतिकारियों का उद्घोष बन गया था। प्राचार्य श्याम सिंह ने कहा कि यह गीत देशवासियों में एकता, साहस और बलिदान की भावना को जागृत करता है और मातृभूमि के प्रति समर्पण और सम्मान की भावना बच्चों में विकसित करता है। व्यायाम शिक्षिका तुलसी साहू ने बच्चों को योगाभ्यास कराया। बच्चों ने पद्मासन, पवनमुक्तासन, भुजंगासन और शवासन सहित विभिन्न योगासन किए। शिक्षिका ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से तन-मन स्वस्थ रहता है, रक्त संचार बेहतर होता है और जीवन सुखी और उल्लासपूर्ण बनता है। योग से बच्चे मानसिक और शारीरिक रूप से सशक्त बनते हैं, जो उनकी समग्र शिक्षा के लिए आवश्यक है। इस अवसर पर विद्यालय के खेल मैदान में बच्चों ने पारंपरिक खेलों जैसे रस्साकसी, गिल्ली-डंडा और पिट्ठुल में भाग लिया। उन्हें खेलों के महत्व के बारे में समझाया गया। गिल्ली-डंडा और रस्साकसी बच्चों में टीम वर्क, रणनीति और शारीरिक क्षमता विकसित करने में सहायक हैं। बच्चों ने उत्साहपूर्वक इन खेलों में भाग लिया और पारंपरिक खेलों का महत्व जाना। इस अवसर पर पूर्व प्राचार्य तीक्ष्ण साहू, हिमाचल साहू, देवघर देवांगन, श्यामसुंदर साहू, महेश बंधे, भीष्मदेव साहू, संजय बंछोर, हरीश साहू, दौलतराम साहू, विनोद साहू, भूपेन्द्र सिन्हा सहित सभी स्टाफ उपस्थित रहे।


