उमवि सोनपुरवा में विशेष शिक्षक–अभिभावक बैठक

भास्कर न्यूज | गढ़वा उत्क्रमित मध्य विद्यालय सोनपुरवा, रंका परिसर में विशेष शिक्षक–अभिभावक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय प्रसाद ने की। इस अवसर पर लोगों ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यालय एवं अभिभावकों के बीच आपसी समन्वय को सुदृढ़ करना तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं सर्वांगीण प्रगति पर सार्थक संवाद स्थापित करना है। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई। स्वागत गीत के पश्चात कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन पंचायत समिति सदस्य नजीर अंसारी, संकुल साधन सेवी देवेंद्रनाथ उपाध्याय, सीआरपी सद्दाम हुसैन, महबूब अंसारी, विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय प्रसाद, वार्ड पार्षद इबरान अंसारी एवं एसएमसी अध्यक्ष कुर्बान अंसारी के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस बैठक में विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के माता-पिता एवं अभिभावक उपस्थित थे। संकुल साधन सेवी देवेंद्रनाथ उपाध्याय ने शिक्षक–अभिभावक बैठक की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षक और अभिभावक दोनों की संयुक्त भूमिका से ही बच्चों का शैक्षणिक, नैतिक एवं सामाजिक विकास संभव है। उन्होंने नियमित उपस्थिति, गृहकार्य की निगरानी एवं बच्चों के साथ सकारात्मक संवाद बनाए रखने पर विशेष बल दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *