भास्कर न्यूज | गिरिडीह पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी डॉ. विमल कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में सभी पुलिस उपाधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा थाना, ओपी प्रभारी उपस्थित रहे। एसपी ने विगत माह में दर्ज अपराधों की समीक्षा की करते हुए कहा कि जिन मामलों का निष्पादन लंबित है, उन्हें त्वरित रूप से पूरा किया जाए। साथ ही पिछले तीन माह में हुई गंभीर श्रेणी की अपराधिक घटनाओं को बेहतर तरीके से निष्पादित करने की दिशा में पहल करें। उन्होंने कहा कि महिला से संबंधित अपराधों पर विशेष ध्यान देते हुए उन पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना चाहिए। इस पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई हो सकती है। वहीं जेल से हाल ही में छूटे अपराधियों, आर्म्स एक्ट एवं लूट कांडों में शामिल अपराधियों का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही आदतन अपराधियों के विरुद्ध सीसीए के तहत कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भी भेजे। उन्होंने कहा कि लंबित वारंट, कुर्की का शीघ्र निष्पादन, पासपोर्ट, चरित्र सत्यापन के लंबित मामलों का निस्तारण तथा नियमित रूप से एंटी-क्राइम चेकिंग और गश्ती पर विशेष ध्यान देते हुए इलाक में लगातार गश्ती करते रहे। खास कर पर्व और त्योहारों के दौरान विशेष ध्यान देने की जरुरत है। आने वाले दिनों में सरस्वती पूजा, गणतंत्र दिवस पर कई जगहों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। बैठक में एसपी ने विगत माह में महत्वपूर्ण कांडों के उद्भेदन और उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुलिस पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।


