पानी के लिए सड़क से निगम गेट तक संघर्ष, वार्ड में धरने के बाद लगी मोटर

भास्कर संवाददाता | मुरैना नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 25 उत्तमपुरा में पिछले चार महीनों से जारी जलसंकट शनिवार को उग्र विरोध में बदल गया। पानी के लिए परेशान महिलाओं और पुरुषों ने वार्ड पार्षद अशोक टैगोर उर्फ बूटा के नेतृत्व में नगर निगम गेट पर एक घंटे तक धरना देकर प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया। हालात इतने खराब थे कि रहवासी दूर-दराज के इलाकों से पीने का पानी लाने को मजबूर थे, लेकिन बार-बार की शिकायतों के बावजूद निगम प्रशासन ने समस्या का समाधान नहीं किया। शनिवार दोपहर बड़ी संख्या में महिलाएं नगर निगम गेट पहुंचीं और सड़क से लेकर मुख्य द्वार तक बैठकर नारेबाजी की। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सहायक यंत्री ऋषिकेश मुदगल सहित निगम का अमला मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने जल्द मोटर लगाने का आश्वासन दिया, लेकिन पार्षद अशोक टैगोर ने स्पष्ट किया कि जब तक मौके पर काम शुरू नहीं होगा, धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान पार्षद ने ठेकेदार पर जानबूझकर लापरवाही बरतने और काम में देरी के गंभीर आरोप लगाए। लगभग एक घंटे तक चले धरने के दबाव में नगर निगम ने लेबर भेजकर नए बोर में पाइप डालने और मोटर लगाने का कार्य तत्काल शुरू कराया। काम शुरू होते ही प्रदर्शनकारी धरने से उठे। वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि पानी की नियमित आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *