मेगा पालक-शिक्षक सम्मेलन में की शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार पर चर्चा

भास्कर न्यूज | दुर्गुकोंदल शासकीय कन्या हाई स्कूल व 200 सीटर कन्या आवासीय विद्यालय दुर्गूकोंदल में मेगा पालक-शिक्षक सम्मेलन का आयोजन किया गया। संस्था के प्राचार्य एसएस कोमरे ने कहा कि छात्राओं की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, नियमित उपस्थिति व पालकों की सहभागिता को सशक्त बनाने कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। अध्यक्षता कन्या हाई स्कूल अध्यक्ष तेनसिंह नरेटी ने की। विशिष्ट अतिथि उपसरपंच तामेश्वरी जैन व वार्ड पंच करिश्मा दुग्गा रहीं। इसके साथ ही समिति सदस्य राजूराम दुग्गा, भीमचंद, धनराज, उर्मिला सुखचंद, शैलेंद्री मरकाम सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक व छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। बैठक में अर्धवार्षिक परीक्षा परिणामों की समीक्षा की गई। प्राचार्य कोमरे ने परीक्षा परिणामों का विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत करते हुए छात्राओं की नियमित उपस्थिति व अध्ययन की निरंतरता पर विशेष बल दिया। उन्होंने पालकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की दैनिक उपस्थिति, गृहकार्य व पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें, जिससे शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो सके। प्राचार्य ने पालकों को घर पर बच्चों के लिए रीडिंग कॉर्नर उपलब्ध कराने और शासन के डिजिटल प्लेटफॉर्म जैसे दीक्षा एप व अन्य शैक्षणिक संसाधनों की जानकारी दी। उन्होंने कहा सुदूर वनांचल क्षेत्र में डिजिटल शिक्षा के माध्यम से शैक्षणिक क्रांति लाई जा सकती है। इसके साथ ही अपार आईडी, छात्रवृत्ति के लिए बैंक खाता, आय व जाति प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज शीघ्र पूर्ण कराने पर भी जोर दिया, ताकि छात्राओं को शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। तेनसिंह नरेटी ने छात्राओं को मेहनत, अनुशासन और लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अभिभावक और शिक्षक के समन्वय से ही बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनाया जा सकता है। तामेश्वरी जैन व वार्ड पंच करिश्मा दुग्गा ने कहा विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं बल्कि संस्कारों के विकास का भी प्रमुख माध्यम है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *