धौलपुर में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत गतिविधियां:स्लोगन प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक और वाहन ड्राइवरों की समझाइश अभियान

धौलपुर में राजस्थान सरकार द्वारा मनाए जा रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिला परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग ने विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सड़क दुर्घटनाओं को कम करना है। इसी कड़ी में, पीएम श्री महात्मा गांधी सिटी कोतवाली स्कूल में एक स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। स्कूल की प्रिंसिपल रमन परमार ने बताया कि निबंध प्रतियोगिता के बाद यह स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिससे विद्यार्थियों को यातायात नियमों को गहराई से समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम के मुख्य मेहमान धौलपुर अभिभाषक संघ के अध्यक्ष हरिओम शर्मा रहे। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण किए बिना वाहन चलाना कानूनी अपराध है। उन्होंने सभी से वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने का आह्वान किया। शर्मा ने विद्यार्थियों से अपने अभिभावकों और आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने को कहा। जिला परिवहन अधिकारी गौरव यादव ने जानकारी दी कि जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत कई गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इनमें स्लोगन लेखन, चित्रकला, निबंध प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, बाल वाहिनियों की सघन जांच और उनके चालकों के लिए समझाइश अभियान शामिल हैं। परिवहन विभाग द्वारा बाल वाहिनियों के चालकों के लिए एक विशेष समझाइश अभियान भी चलाया गया। परिवहन निरीक्षक श्रीकांत कुमावत ने चालकों को संबोधित करते हुए बच्चों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी बताया। उन्होंने ड्राइवरों को मानसिक रूप से स्वस्थ रहने, सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे रखने, यूनिफॉर्म पहनने, गति सीमित रखने और बिना कंडेक्टर के वाहन न चलाने के निर्देश दिए। कुमावत ने स्कूल बसों का निरीक्षण कर फर्स्ट एड बॉक्स को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त, सड़क सुरक्षा को लेकर धौलपुर, बाड़ी और बसेड़ी क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया गया। इन नाटकों के माध्यम से कलाकारों ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। कार्यक्रम में शारीरिक शिक्षक अजय बघेल सहित स्कूल स्टाफ भी मौजूद रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *