बालोतरा जिले की गिड़ा थाना पुलिस ने लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चोरी मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने इस संबंध में एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया और चोरी किया गया पूरा माल बरामद कर लिया। मामले में शत-प्रतिशत रिकवरी हुई है। आरोपी को एक सप्ताह के भीतर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। गिड़ा थाना क्षेत्र के करालिया बेरा गांव निवासी हयात खां ने 10 जनवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 9 जनवरी की रात अज्ञात चोर उनके घर में घुस आए। चोरों ने पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए थे। चोरी हुए आभूषणों में सोने का एक तीमणिया, चांदी की चेन-पटी, चांदी का लॉकेट, चांदी का बकल, चांदी का मादलिया और चांदी की अंगूठियां शामिल थीं। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। थानाधिकारी दलपत सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना स्तर पर विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर नवोड़ा बेरा, पचपदरा निवासी संदिग्ध नुरेखान पुत्र अकबर खान की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीमों ने खोखसर, परेऊ, पाटोदी, नवोड़ा बेरा और नयापुरा सहित आसपास के इलाकों में लगातार दबिशें दीं। सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर संदिग्ध नुरेखान को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में कबूली चोरी, माल बरामद
पूछताछ के दौरान आरोपी ने 9 जनवरी की रात करालिया बेरा गांव में घर में घुसकर चोरी करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए सभी सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। चार साल में दर्ज हैं तीन मामले
पुलिस के अनुसार आरोपी नुरेखान के खिलाफ वर्ष 2021 से अब तक मारपीट और चोरी के कुल तीन मामले दर्ज हैं। इनमें दो प्रकरण पचपदरा थाने में और एक मामला जोधपुर के शेरगढ़ थाने में दर्ज है।


