उमरिया जिले के बिलासपुर गांव में यूरिया मिला चारा खाने से छह मवेशियों की मौत हो गई। इनमें चार गाय और दो बैल शामिल हैं। यह घटना बिलासपुर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत हुई, जहां अज्ञात लोगों ने मवेशियों के रास्ते में धान का बुरादा (कना) यूरिया मिलाकर रख दिया था। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पशु चिकित्सा विभाग की सहायता से मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम कराया और जांच के लिए नमूने सुरक्षित किए। पुलिस को घटनास्थल के पास से यूरिया और धान का बुरादा भी मिला है। मृत गायों में से एक के मालिक रमेश प्रसाद ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने यूरिया और बुरादा मिलाकर रास्ते में रखा था, जिसके कारण उनकी गायों समेत अन्य मवेशियों की मौत हुई। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। पशु चिकित्सा विभाग के डॉक्टर संजीव ने पुष्टि की कि चार गाय और दो बैलों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह जहरीले पदार्थ से हुई मौत का मामला लग रहा है, लेकिन अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। बिलासपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।


