धौलपुर डिस्कॉम ने बिजली चोरी और बकाया वसूली को लेकर ग्रामीण व शहरी उपखंड क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत धौलपुर शहर में 65 अवैध जम्पर काटे गए हैं, जबकि ग्रामीण उपखंड में 25 बड़े बकायेदारों के बिजली कनेक्शन विच्छेद किए गए। डिस्कॉम ने पचगांव में गैर-उपभोक्ताओं और बकायेदारों के लिए शिविर भी आयोजित किया। धौलपुर डिवीजन के शहरी और ग्रामीण उपखंडों में बिजली चोरी की अधिकता और राजस्व वसूली में पिछड़ने के कारण डिस्कॉम ने यह कार्रवाई तेज की है। ग्रामीण उपखंड जिले में राजस्व वसूली के मामले में सबसे पिछड़ा हुआ है, जहां 1.50 करोड़ रुपए की कमी चल रही है। उच्च अधिकारियों ने राजस्व वसूली में इस कमी पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। एक्सईएन विवेक शर्मा ने बताया कि धौलपुर ग्रामीण उपखंड में राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए जेईएन को उन फीडरों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं, जहां बकाया राशि अधिक है। साथ ही, बिलों में त्रुटियों को सही करने और बकाया राशि जमा कराने के लिए शिविर भी लगाए जाएंगे।धौलपुर शहर में बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए 65 अवैध जम्पर काटे गए हैं। जिन कॉलोनियों में बिजली कनेक्शन नहीं हैं, वहां गैर-उपभोक्ताओं को कनेक्शन लेने के लिए शिविरों और फीडर इंचार्ज के माध्यम से प्रेरित किया जा रहा है। इसके बाद डिस्कॉम ऐसी कॉलोनियों में कार्रवाई करेगा। डिस्कॉम ने शहर उपखंड में उपभोक्ताओं को चिह्नित किया है और उनके कनेक्शनों की जांच के आदेश दिए हैं।


