आम आदमी पार्टी (आप) ने पूरे राजस्थान में ‘आप आप रै साथ’ जनसंपर्क अभियान की शुरुआत कर दी है। धौलपुर में रविवार को पार्टी के जिला अध्यक्ष मुबीन अहमद फारूकी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी। फारूकी ने बताया कि इस अभियान के तहत पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सक्रिय सदस्य पंचायत स्तर पर गांवों में और शहरी क्षेत्रों में वार्डों में जाकर आम जनता से सीधा संवाद करेंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों की वास्तविक समस्याओं को सुनना, उनके समाधान पर चर्चा करना और स्थानीय मुद्दों को प्राथमिकता से उठाना है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रत्येक पंचायत और वार्ड स्तर पर समर्पित टीमें गठित की जाएंगी, जो लगातार लोगों के संपर्क में रहकर उनकी समस्याओं को दर्ज करेंगी। जिला अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि आगामी पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी पूरी मजबूती और संगठनात्मक तैयारी के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी। फारूकी ने कहा कि आम आदमी पार्टी उन सभी ईमानदार और जनसेवा की भावना रखने वाले लोगों का स्वागत करती है, जो समाज के लिए कार्य करना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी दिल्ली और पंजाब की तर्ज पर शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली-पानी, भ्रष्टाचार-मुक्त प्रशासन और पारदर्शी राजनीति जैसे जनकल्याणकारी मुद्दों को राजस्थान की जनता तक पहुंचाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ‘आप आप रै साथ’ अभियान से व्यापक जनसंपर्क स्थापित होगा और पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी कर अपनी समस्याएं और सुझाव साझा करें, ताकि राजस्थान में सकारात्मक और जनहितकारी राजनीति को बढ़ावा मिल सके। प्रेस वार्ता के दौरान साबिर खान, सोमवीर तोमर, भरत सिंह मीणा, पंकज शर्मा, कुसुम सक्सेना, गणेश कुमार जगर, इंद्रपाल, रेखा चौधरी, आरती शर्मा, हरिशंकर जगरिया और अमजद खान सहित कई पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।


