दिल्ली की मुख्य परेड में शामिल होंगे सागर के कैडेट्स:आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज के दो NCC कैडेट्स का हुआ चयन, राजपथ पर करेंगे कदमताल

गणतंत्र दिवस 26 जनवरी के मौके पर नई दिल्ली की कर्तव्य पथ पर होने वाली राष्ट्रीय परेड में पं दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य अग्रणी महाविद्यालय सागर से 11 एमपी एनसीसी बटालियन के कैडेट्स आयुष साहू और पुरुषोत्तम प्रजापति कदमताल करते हुए नजर आएंगे। महाविद्यालय के उक्त कैडेट्स का राजपथ दिल्ली (RDC) के लिए चयन हुआ है जो मुख्य परेड में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ निदेशालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने बताया कि यह मौका महाविद्यालय के लिए हर्ष और गौरव का विषय है कि कैडेट आयुष साहू पिछले वर्ष भी प्री-आरडीसी (Pre-RDC) के लिए चयनित हुए थे। वहीं पुरुषोत्तम प्रजापति पूर्व में प्री-टीएससी (Pre-TSC) के लिए चयनित होकर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुके हैं। अपनी लगन के चलते उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित मुकाम को हासिल किया है। कैडेट्स की यह सफलता उनकी निरंतर कड़ी मेहनत और अनुशासन का परिणाम है। एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. जय नारायण यादव ने कहा कि महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। विशेष रूप से भारतीय सेना में सत्र 2024-25 में 14 और 2025-26 में अब तक 10 कैडेट्स का चयन हो चुका है। इस दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापकों और साथी कैडेट्स ने आयुष और पुरुषोत्तम को शुभकामनाएं दीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *