पोक्सो व जेजे एक्ट पर पदाधिकारियों को संवेदनशील होने की आवश्यकता

भास्कर न्यूज | लातेहार झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लातेहार के तत्वावधान में व्यवहार न्यायालय, लातेहार परिसर में पोक्सो एक्ट, जेजे एक्ट, नालसा स्कीम एवं नये आपराधिक कानून 2023 से संबंधित एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला (मल्टी स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन) का आयोजन किया गया। कार्यशाला का विधिवत उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार अध्यक्ष लातेहार शेष नाथ सिंह ने किया। इस अवसर पर उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव, जिला जज द्वितीय-सह-विशेष न्यायाधीश (पोक्सो) संजय कुमार दूबे, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष लाल अरविंद नाथ शाहदेव एवं सचिव संजय कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। पीडीजे शेषनाथ सिंह ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने के लिए कानून में हो रहे निरंतर बदलावों एवं अद्यतन प्रावधानों की जानकारी पदाधिकारियों के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं मील का पत्थर साबित होती हैं। सीखने की कोई उम्र नहीं होती, व्यक्ति को निरंतर सीखते रहना चाहिए और उसे अपनी कार्यशैली में लागू करना चाहिए। उन्होंने पोक्सो एवं जेजे एक्ट से संबंधित मामलों पर कार्य कर रहे पदाधिकारियों को विशेष रूप से संवेदनशील रहने की सलाह दी और कहा कि इन मामलों के अनुसंधान में किसी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बच्चों से जुड़े मामलों में सतर्कता बरतते हुए नियमों का अक्षरशः पालन करने की अपील की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *