भास्कर न्यूज | लुधियाना श्री गोविंद गोधाम में आयोजित धार्मिक समारोह के दौरान भक्ति, श्रद्धा और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। ध्वज पूजन कार्यक्रम में लुधियाना के गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह का मुख्य आकर्षण श्री राधा-कृष्ण जी की भव्य पालकी यात्रा रही। फूलों और रोशनी से सुसज्जित पालकी में भगवान के विग्रहों को विराजमान कर गौ-शाला परिवार के भक्तों द्वारा पूरे परिसर की परिक्रमा करवाई गई। इस दौरान पूरा वातावरण राधे-राधे और प्रभु के जयकारों से भक्तिमय हो गया। यह विशेष अनुष्ठान मल्होत्रा परिवार द्वारा अपने पूजनीय माता-पिता स्वर्गीय गोविंद मल्होत्रा एवं स्वर्गीय किरन मल्होत्रा की पावन स्मृति में आयोजित किया गया था। गौरव मल्होत्रा, सारिका मल्होत्रा, रिहांश और प्रियांशी मल्होत्रा ने मुख्य रूप से विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न करवाई। पूजन के उपरांत भगवान नरसिंह, परम भक्त प्रहलाद और महादेव भोले शंकर की भव्य आरती उतारी गई। समारोह में शहर की कई जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की। इनमें मुख्य रूप से गोधाम सेवक सुंदरदास धमीजा, अशोक धवन, मनोहर वर्मा और विलेज डिफेंस कमेटी सदस्य सोनी वालिया मौजूद रहे।


