भास्कर न्यूज|लोहरदगा जिले के मन्हों चौक में रविवार को स्मारक समिति हिरही, लोहरदगा के तत्वावधान में शहीद शेख भिखारी शहादत दिवस सह मेला का आयोजन श्रद्धा और सम्मान के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि आईटीडीए डायरेक्टर सुषमा नीलम सोरेन, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा, लोहरदगा अंजुमन के नाजिम-ए-आला हाजी अब्दुल जब्बार, कांग्रेस अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष मोजम्मिल अंसारी, कुडू उप-प्रमुख ऐनुल अंसारी, कुर्से के सेक्रेटरी हातिम अंसारी सहित अन्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से शहीद शेख भिखारी स्मारक पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों का सॉल ओढ़ाकर एवं बुके भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शहीद शेख भिखारी की कुर्बानी को कभी व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मन्हों चौक में बीते 18 वर्षों से लगातार शहीद शेख भिखारी का शहादत दिवस मनाया जा रहा है, जो आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और बलिदान की प्रेरणा देता रहेगा। वक्ताओं ने कहा कि शहीद शेख भिखारी ने भारत की आज़ादी की लड़ाई में अहम भूमिका निभाई थी और अपने साहस व संघर्ष से अंग्रेजी हुकूमत को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था। अंततः अंग्रेजों ने साजिश के तहत उन्हें गिरफ्तार कर 8 जनवरी 1858 को चुट्टूपहाड़ी के बरगद के पेड़ से फांसी दे दी। उनकी शहादत के कारण ही आज देशवासी आज़ाद भारत में सांस ले पा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान 300 गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण कर मानवता और सामाजिक सरोकार का परिचय दिया गया, जिससे ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को राहत मिल सकी। वहीँ कार्यक्रम का संचालन पूर्व उपमुखिया रुस्तम अंसारी ने किया।कार्यक्रम को सफल बनाने में स्मारक समिति के अध्यक्ष हसनैन अंसारी, सचिव हफीजुल अंसारी, उपाध्यक्ष इम्तियाज अंसारी, एजाज अंसारी, मुस्तफा अंसारी, सगीर अंसारी, समाजसेवी संजय विश्वकर्मा, दानिश अली, चौकीदार समसुल अंसारी, सयूब अंसारी, सनाउल्लाह अंसारी, कलीम अंसारी सहित अन्य लोगों का सराहनीय योगदान रहा।


