भास्कर न्यूज | अमृतसर खंडवाला क्षेत्र में रविवार का पूरा दिन बिजली की आंख-मिचौनी के कारण लोगों के लिए भारी परेशानी भरा रहा। सुबह करीब 6 बजे 66 केवी खंडवाला बिजली घर के मुख्य ट्रांसफार्मर में पतंग फंसने से अचानक आग लग गई, जिसके चलते पूरे इलाके की बिजली गुल हो गई। बिजली न होने से नगर निगम के ट्यूबवेल भी बंद हो गए, जिससे लोगों के घरों में पेयजल की आपूर्ति ठप हो गई। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद बिजली कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मर से पतंग और डोर हटाकर आपूर्ति बहाल की, जिससे महिलाओं ने घर के रुके हुए कामकाज निपटाए। राहत मिलने के महज दो घंटे बाद ही काले रोड पर स्थित ट्रांसफार्मर के जंपर उड़ने से बिजली दोबारा बंद हो गई। पावरकॉम कर्मचारियों ने ढाई घंटे की मेहनत के बाद जंपर ठीक कर सप्लाई चालू की। अभी स्थिति सामान्य ही हुई थी कि शाम को जीटी रोड पर एक कबूतर के पैरों में फंसी ‘चाइना डोर’ के बिजली कनेक्टर से टकराने के कारण फिर से कट लग गया। बार-बार लग रहे बिजली कटों के बीच जब लोगों ने इलाके के एसडीओ (96461-13070) से संपर्क करने की कोशिश की, तो उनका फोन स्विच ऑफ मिला। नियमों के अनुसार, एसडीओ को अपना स्टेशन (इलाका) छोड़कर जाने की अनुमति नहीं है। इस संबंध में एक्सईएन इंजीनियर मनोहर सिंह ने कहा कि उपभोक्ताओं को अपनी शिकायत सीधे संबंधित एसडीओ से करनी चाहिए।


