भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस का आयोजन इस बार अवकाश के कारण सोमवार को किया जाएगा। इस अवसर पर जिले के सभी सरकारी अस्पतालों, उप जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष जांच एवं परामर्श शिविर लगाए जाएंगे। सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला ने बताया कि गर्भावस्था और प्रसव के दौरान होने वाले जोखिमों को कम करने के उद्देश्य से प्रत्येक माह की 9, 18 और 27 तारीख को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस मनाया जाता है। राजकीय अवकाश होने पर यह सत्र अगले कार्यदिवस में आयोजित किया जाता है। इसी क्रम में सोमवार को यह विशेष सत्र आयोजित होगा। शिविरों में गर्भवती महिलाओं की हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, एचआईवी, तापमान, हृदय परीक्षण सहित प्रसव से संबंधित जटिलताओं की जांच की जाएगी। साथ ही उन्हें सुरक्षित मातृत्व एवं सुरक्षित प्रसव से जुड़ी आवश्यक जानकारियां दी जाएंगी। पीसीटीएस सॉफ्टवेयर में पंजीकृत गर्भवती महिलाओं की एलएमपी तिथि के अनुसार द्वितीय एवं तृतीय तिमाही की महिलाओं को मां वाउचर योजना के तहत निशुल्क सोनोग्राफी के कूपन वितरित किए जाएंगे। इन कूपनों के माध्यम से वे विभाग द्वारा अधिकृत निजी सोनोग्राफी केंद्रों पर नि:शुल्क जांच करवा सकेंगी। डॉ. सिंगला ने बताया कि जिन गर्भवती महिलाओं का हीमोग्लोबिन स्तर 10 ग्राम से कम पाया जाएगा, उन्हें एफसीएम इंजेक्शन लगाया जाएगा और उनकी ऑनलाइन लाइन लिस्टिंग भी की जाएगी।


