नागौर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत पुलिस ने मेड़तारोड़, जायल और खाटूबड़ी क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया है ।
इन कार्रवाइयों में पुलिस ने डोडा पोस्त, अफीम और एमडीएमए जैसे घातक मादक पदार्थों की बड़ी खेप बरामद करते हुए पांच तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है। गौरतलब है कि नागौर पुलिस द्वारा एसपी मृदुल कच्छवा के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत नशा तस्करों पर अब तक कई बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया गया है। लेकिन नागौर जिले में लगातार घातक मादक पदार्थों की तस्करी और उपयोग में युवा सबसे ज्यादा शामिल है जो एक गंभीर चिंता का विषय है। मेड़तारोड़ पुलिस की बड़ी कार्यवाही: ढाणी में दबिश देकर पकड़ा पौने दो लाख का डोडा पोस्त पुलिस थाना मेड़तारोड़ ने मुखबिर की सूचना पर प्रभावी कार्यवाही करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया है। थानाधिकारी सत्यनारायण चौधरी के नेतृत्व में टीम ने रेण की ढाणी में आरोपी चेनाराम विश्नोई के निर्माणाधीन मकान और रहवासी छपरे की तलाशी ली। पुलिस को देख भागने की कोशिश कर रहे आरोपी के कब्जे से 11 किलो 680 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.75 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने मौके से इलेक्ट्रॉनिक कांटा और मिक्सी भी जब्त की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच मेड़तासिटी थानाधिकारी धर्मेश दायमा को सौंपी गई है। जायल पुलिस ने नाकाबंदी में पकड़ा डोडा पोस्त और अफीम, बाइक जब्त अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान के दौरान जायल पुलिस को तरनाउ चौकी के पास बड़ी सफलता हाथ लगी है। थानाधिकारी मुकेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में की गई नाकाबंदी के दौरान सांजू की तरफ से आ रहे एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोका गया। पुलिस ने रोटू निवासी आरोपी जगदीश प्रसाद विश्नोई की तलाशी ली तो उसके पास से 3 किलो डोडा पोस्त पाउडर और 29 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई। मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई में स्थानीय पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा और आरोपी के विरुद्ध थाना जायल में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। खाटूबड़ी में एमडीएमए के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, डीएसटी टीम का रहा सहयोग नशे के सौदागरों के खिलाफ खाटूबड़ी पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए सरहद सांडिला में तीन युवकों को एमडीएमए के साथ दबोचा है। प्रशिक्षु आरपीएस विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने घेराबंदी कर एक बोलेरो कैम्पर को रुकवाया, जिसमें सवार चंदन, हरेन्द्र और अर्जुनराम के कब्जे से 7.47 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए बरामद किया गया।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो कैम्पर को जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की अगली जांच जायल थानाधिकारी मुकेश कुमार द्वारा की जा रही है। इस संयुक्त कार्यवाही में डीएसटी नागौर और खाटूबड़ी थाना पुलिस के जवानों की मुख्य भूमिका रही।


