राजस्थान के 12 जिलों में पासपोर्ट को लेकर क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय कोटा ने गाइडलाइन जारी करते हुए कहा कि पासपोर्ट पुनः जारी में आवेदन करने में तकनीकी समस्या आ रही है ऐसे में आवेदक नई यूजर आईडी से आवेदन करें। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय कोटा ने पासपोर्ट पुनः जारी (रि-इशू) कराने वाले आवेदकों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कोटा के क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी यशवंत माठे ने बताया कि कार्यालय के संज्ञान में आया है कि कोटा संभाग के अंतर्गत आने वाले जिलों भीलवाड़ा, बारां, झालावाड़, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, सवाई माधोपुर, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, बूंदी, उदयपुर एवं सलूम्बर के कई आवेदकों को पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर आवेदन करते समय तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इसमें पुनः जारी आवेदन के दौरान कुछ आवेदकों को पोर्टल पर क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ) कोटा के स्थान पर आरपीओ जयपुर दिखाई दे रहा है, जिससे कोटा एवं उदयपुर के पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीएसके) और पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीओपीएसके) की सूची उपलब्ध नहीं हो पा रही है। माठे ने बताया कि इस समस्या का मुख्य कारण पुराने लॉगिन आईडी का उपयोग है। पासपोर्ट के पुनः जारी कराने के लिए आवेदन करने वाले सभी आवेदक नई यूजर आईडी, यूज़रनेम एवं पासवर्ड के साथ नया पंजीकरण ( रजिस्ट्रेशन /साइन-इन) अनिवार्य रूप से करें। केवल नए लॉगिन के माध्यम से ही आवेदक आरपीओ कोटा का सही चयन कर सकेंगे और संबंधित पीएसके व पीओपीएसके की सूची देख पाएंगे। पुराने एकाउंट से आवेदन करने पर तकनीकी समस्या उत्पन्न हो सकती है। डिजिलॉकर का एक्सेस अवश्य दें
उन्होंने बताया कि अब डिजिलॉकर (डिजी-लॉकर) में उपलब्ध दस्तावेज़ पासपोर्ट आवेदन प्रक्रिया के दौरान दस्तावेज़ सत्यापन के लिए मान्य होंगे, जैसा कि वर्तमान दिशा-निर्देशों में प्रावधानित है। ऐसे में आवेदकों से कहा कि वे आवेदन करते समय डिजिलॉकर का एक्सेस अवश्य दें। पहले पासपोर्ट प्राप्त करें, उसके बाद यात्रा टिकट कराए


