भास्कर न्यूज | बालोद कमरौद स्थित भूमिफोड़ दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में रविवार रात को घुसकर अज्ञात चोर ने चांदी के जेवरात की चोरी कर ली। मंदिर समिति का दावा है कि चोरी हुए चांदी के आभूषणों की कीमत 8 से 10 लाख के आसपास है। हालांकि प्रारंभिक जांच के अनुसार पुलिस डेढ़ से दो लाख रुपए के जेवर चोरी होने की बात कह रही है। कुछ चांदी के आभूषण गर्भगृह में ही गिरे मिले हैं, जिन्हें संभवतः हड़बड़ी में चोर नहीं उठा सके। अज्ञात चोर मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर हनुमान की मूर्ति पर सजे चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर ले गए। डेढ़ साल में चोरी की दूसरी वारदात है। इसके पहले जून 2024 में चोरी हुई थी। आरोपी अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर है। मंदिर के पुजारी दुर्गा प्रसाद पांडे ने बताया कि सोमवार सुबह पूजा करने पहुंचे तब मंदिर के मुख्य गेट का ताला टूटा था। बाहर से ही गर्भगृह को देखा। तब मंदिर में चोरी होने की जानकारी मिली। मूर्ति पर सजे चांदी के आभूषण गायब थे। उन्होंने तत्काल सदस्यों व पुलिस को सूचना दी गई। जांच होने तक गर्भगृह में दर्शन पर रोक लगाई गई पुलिस जांच होने तक मंदिर के गर्भगृह में श्रद्धालुओं के दर्शन पर रोक लगा दी गई है। फॉरेंसिक, डॉग स्क्वायड की टीम और साइबर सेल भी जांच करने पहुंची थी। खोजी कुत्ते ने मंदिर परिसर से सुराग तलाशना शुरू किया और स्कूल के गेट तक पहुंचा। तीन से चार कैमरे को उखाड़कर चोर अपने साथ ले गए है। मंदिर समिति के लोगों का कहना है कि कैमरों में पहले से तकनीकी समस्या थी और रिकॉर्डिंग नहीं हो पा रही थी।


