भास्कर न्यूज | अमृतसर नारायणगढ़ जीटी रोड स्थित पंचरत्न श्री कृष्ण मंदिर प्रबंधक कमेटी की ओर से महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में प्रभातफेरियां शुरू की गई है। कमेटी के चेयरमैन पुरुषोत्तम पाल और प्रधान तरसेम लाल रंगीला की अध्यक्षता में एक महीना चलने वाली प्रभातफेरियां सुबह 5 से 10 तक निकाली जा रही हैं। सुंदर फूलों से सजी पालकी में बाबा भोलेनाथ के शिवलिंग को विराजमान करके यह प्रभातफेरी निकाली जा रही है। इसी कड़ी के तहत सोमवार को प्रभातफेरी मनचंदा बिल्डिंग, जीटी रोड, रणजीतपुरा समेत अपने इलाकों के शिव भक्तों के घरों में पहुंची। ढोल की थाप पर निकाली प्रभातफेरी दौरान महिला भजन मंडली की ओर से बाबा भोलेनाथ का गुणगान किया। शिव भक्तों की ओर से प्रभातफेरी में शामिल श्रद्धालुओं के लिए खाने-पीने का सामान बांटा। इस मौके पर चेयरमैन पुरुषोत्तम ने बताया कि 15 फरवरी को सुबह 11 बजे मंदिर कमेटी की ओर से शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें पूर्व उपमुख्यमंत्री ओमप्रकाश सोनी मुख्य मेहमान के रूप में शामिल होंगे। बैंड बाजे की धुन पर निकाली जाने वाली शोभायात्रा में बाबा भोलेनाथ, राम परिवार, राधा कृष्ण समेत कई सुंदर झांकियां सजाई जाएंगी। इसमें श्रद्धालुओं को अलावा स्कूली बच्चे भी शामिल होंगे। मंदिर से शुरू होकर यही शोभा यात्रा कृपा नगर, नारायणगढ़, जीटी रोड, ज्वाला नगर, इंडिया गेट, छेहर्टा चौक, प्रताप बाजार, सुभाष रोड, आजाद नगर से होते हुए वापस मंदिर में पहुंचेगी। शोभायात्रा जिन इलाकों में से गुजरेगी वहां शिव भक्तों द्वारा लंगर और खाने पीने का सामान बांटा जाएगा। वहीं महाशिवरात्रि के दिन सारे मंदिर को रंग बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा। जबकि बाबा भोलेनाथ के शिवलिंग पर रुद्राभिषेक करने के लिए आने वाली संगत के लिए प्रसाद और लंगर की व्यवस्था होगी। इस फेरी में नवलदीप सिंह, अश्विनी शर्मा, सुशील कुमार शीला, प्रदीप अग्निहोत्री, अवतार सिंह, अतुल, साहिल, मनोज, हीरा, अमन, कशिश, कीर्ति समेत कई भक्तजन पहुंचे।


