भास्कर न्यूज | लुधियाना चंडीगढ़ रोड स्थित कोहाड़ा चौक के समीप नवनिर्मित श्री खाटू श्याम सालासर मंदिर में साप्ताहिक श्री श्याम संकीर्तन का आयोजन किया गया। इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान में लुधियाना और आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम की भक्ति का आनंद लिया। कार्यक्रम की दिव्यता का आलम यह था कि देर रात तक पूरा मंदिर परिसर जय श्री श्याम के जयकारों से गुंजायमान रहा और वातावरण पूरी तरह खाटू मय नजर आया। संकीर्तन का शुभारंभ मुख्य ट्रस्टी प्रदीप मित्तल, संदीप अग्रवाल, एलआर मित्तल और अनिल मित्तल ने संयुक्त रूप से पावन ज्योति प्रज्वलित कर किया। इससे पूर्व आचार्य दीपक पाण्डेय, पं. राज तिवारी और पं. केशव उपाध्याय ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजन संपन्न करवाया। बाबा श्याम का दरबार विशेष रूप से सजाया गया था। परमानंद परिवार द्वारा किया गया बाबा का अलौकिक शृंगार भक्तों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा, जिसे निहार कर हर कोई मंत्रमुग्ध था। भजन गायक इंद्रजीत परिहार ने अपनी मधुर और ओजस्वी आवाज में बाबा श्याम का गुणगान कर समां बांध दिया। जैसे ही उन्होंने अपना प्रसिद्ध भजन हारा हूं बाबा पर तुझपे भरोसा है, तुम हाथ तो बढ़ाओ गाना शुरू किया पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। बाबा के प्रेम में डूबे श्रद्धालु अपनी सुध-बुध खोकर भावविभोर होकर नाचने लगे। एक के बाद एक प्रस्तुत किए गए भजनों ने श्रद्धालुओं को भक्ति के सागर में सराबोर कर दिया। संकीर्तन के समापन पर बाबा श्याम की भव्य आरती उतारी गई। इसके पश्चात सुरिंदर मेहरा जंडाली की ओर से भक्तों के लिए अटूट प्रसाद की व्यवस्था की गई। इस पावन अवसर पर विजय गोयल, संजय अग्रवाल, अभिषेक गुप्ता, हरीश गर्ग, मुनीश बजारी, संदीप गोयल, दीपक मित्तल, राज गुप्ता, केके गर्ग, नीपम बांसल, विनोद गोयल, प्रशांत गर्ग, अतुल वालिया, नरेश अग्रवाल, विशाल माहेश्वरी और चंदेश्वर भारद्वाज सहित शहर की कई प्रमुख हस्तियां और बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी उपस्थित रहे।


