भास्कर न्यूज | लुधियाना औद्योगिक नगरी के सिविल लाइंस स्थित प्राचीन श्री दण्डी स्वामी तपोवन आश्रम में गुप्त नवरात्रों के पावन उपलक्ष्य पर नौ दिवसीय श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। भक्ति और श्रद्धा के इस महाकुंभ के प्रथम दिन कथा व्यास पं. शुभम तिवारी महाराज ने श्रीमद् देवी भागवत महात्म्य का सजीव चित्रण करते हुए श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। व्यास पीठ से कथा का रसपान कराते हुए पं. शुभम तिवारी ने कहा कि गुप्त नवरात्रों में मां भगवती की आराधना का विशेष महत्व है। उन्होंने बताया कि श्रीमद् देवी भागवत महापुराण समस्त पुराणों में शिरोमणि है। यह ग्रंथ न केवल ज्ञान प्रदान करता है, बल्कि मनुष्य के भीतर की नकारात्मकता को समाप्त कर उसे सात्विकता की ओर ले जाता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जो व्यक्ति सच्चे मन से मां जगदंबा के इस महात्म्य का श्रवण करता है, उसे लोक और परलोक दोनों में सुख की प्राप्ति होती है। कथा के प्रथम सत्र में मुख्य रूप से शुभम मलिक, शकुंतला देवी, पारुल मलिक, मीरा और आशा माट्टा उपस्थित रहे। इन सभी सदस्यों ने व्यास पीठ का विधि-विधान से पूजन किया और आरती में भाग लिया। इस अवसर पर आश्रम का परिसर फूलों और रोशनी से सजाया गया था, जहां भारी संख्या में उपस्थित भक्तों ने जयकारों के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। आयोजक संस्था गंगा डेवलपर्स के ई. भुवनेश महेंद्रू ने बताया कि पूज्य गुरुदेव दीन दयालु महाराज के आशीर्वाद से आयोजित यह कथा आगामी 27 जनवरी तक चलेगी। प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक भक्त कथा का आनंद ले सकेंगे। कार्यक्रम का समापन 27 जनवरी को सुबह 10 बजे पूर्णाहूति एवं विशाल भंडारे के साथ होगा। आयोजन समिति ने सभी नगरवासियों से इस आध्यात्मिक आयोजन में शामिल होकर पुण्य कमाने की अपील की है। पं. शुभम तिवारी। कथा स्थल पर मौजूद श्रद्धालु।


