पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम बदलने वाला है। एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस पहाड़ों पर पहुंच गया है, जबकि दो उसके पीछे आ रहे हैं। इस वजह से आज (मंगलवार) और कल घने कोहरे का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। वहीं, गुरुवार से बारिश, तेज हवाएं और बिजली चमकने की संभावना है। राज्य के अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। अब यह सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। इसी तरह न्यूनतम तापमान 2.9 से लेकर 9 डिग्री तक दर्ज किया गया है। सबसे कम तापमान अमृतसर में 2.9 डिग्री दर्ज किया गया है। 7 जिलों में घने कोहरे की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक आज सात जिलों अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और संगरूर में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि सोमवार को अमृतसर में शीतलहर दर्ज की गई है। इसी तरह अमृतसर में जीरो डिग्री और बठिंडा में 80 मीटर विजिबिलिटी दर्ज की गई है। इस तरह से मौसम बदलेगा
उत्तर पाकिस्तान के आसपास बना पश्चिमी विक्षोभ अब उत्तर पंजाब के इलाकों में असर दिखा रहा है। यह मौसम प्रणाली ऊंचाई पर बनी हुई है, जिसकी वजह से मौसम में बदलाव हो रहा है। इसके अलावा, 21 जनवरी 2026 की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में पहुंच सकता है, जिससे मौसम फिर बदलने की संभावना है। अब तापमान नहीं बढ़ेगा
मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि 22 और 24 तारीख को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है। 23 तारीख को राज्य के कई इलाकों में बारिश हो सकती है, इसके बाद कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना रहेगी। अगले 3 दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, उसके बाद तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। आने वाले तीन दिन इस तरह का मौसम रहेगा


