भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा आंगनवाड़ी मदर टीचर बनने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए प्रारंभिक बाल्यकाल देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 21 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। यह कोर्स सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त सेंट्रल वोकेशनल एजुकेशन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट के प्रशिक्षण केंद्र के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। जिलाधिकारी बलवीर चौधरी ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट www.cmvboard.org पर ₹2,500 आवेदन शुल्क जमा कर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। कोर्स शुल्क की किश्तों में भी भुगतान की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने आगे बताया कि इस सत्र के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की परीक्षा जून-जुलाई 2026 में राजस्थान के सभी जिला मुख्यालयों पर आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी घर बैठे एप के माध्यम से ऑनलाइन अध्ययन कर सकेंगे। पाठ्य सामग्री उनके पते पर डाक द्वारा भेजी जाएगी, जिसका डाक शुल्क अभ्यर्थी को स्वयं वहन करना होगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी संस्थान की वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं या हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।


