सीटी स्कैन कराने 35 कैटेगरी अनुसार चार्ज तय, हेड प्लेन के लिए 900 रुपए देना पड़ेगा

भास्कर न्यूज | बालोद जिला अस्पताल में सीटी स्कैन कराने के लिए प्रबंधन ने 35 कैटेगरी अनुसार चार्ज तय किया है। सीटी स्कैन यहां कोई भी आकर नहीं करवा सकेंगे, क्योंकि ओपीडी की पर्ची नहीं बल्कि डॉक्टर की अनुमति जरूरी है, तभी तकनीशियन सीटी स्कैन करने प्रोसेस शुरु करेंगे। प्रबंधन का दावा है कि निजी सेंटरों की तुलना में जिला अस्पताल में सीटी स्कैन कराने पर लगभग 50% चार्ज कम लगेगा। हालांकि रोड़ा यह है कि जिला अस्पताल में 24 घंटे सीटी स्कैन की सुविधा नहीं मिल पाएगी क्योंकि अधिकृत कंपनी की ओर से एक तकनीशियन व कुछ स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। इमरजेंसी के लिए लोगों को निजी सेंटरों पर निर्भर रहना पड़ेगा। जिला अस्पताल में ओपीडी टाइमिंग में सुबह 9 से दोपहर एक बजे तक और शाम 4 से 6 बजे तक सीटी स्कैन करवा सकेंगे। सीएमएचओ डॉ. जेएल उइके ने बताया कि जिला अस्पताल में लगभग 150 लोग सीटी स्कैन करवा चुके हैं। आगे यहां पर्याप्त स्टाफ की व्यवस्था की जाएगी ताकि इमरजेंसी में भी लोगों को सुविधा मिल सकें। सीटी स्कैन एक मेडिकल इमेजिंग टेस्ट है। जो शरीर के अंदर की विस्तृत तस्वीरें (स्लाइस) लेने के लिए एक्स-रे और कम्प्यूटर का उपयोग करता है। जिससे हड्डियों, अंगों, उतकों और रक्त वाहिकाओं की स्पष्ट जानकारी मिलती है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार निजी सेंटरों में सीटी स्कैन कराने अधिकांश कैटेगरी अनुसार लगभग 3 हजार चार्ज देना पड़ रहा है। सरकारी स्तर से तय चार्ज अनुसार जिला अस्पताल में निजी की तुलना में कम पैसा खर्च करना पड़ेगा। सीटी डेंटल प्लेन के लिए 1400 चार्ज देना पड़ेगा सीटी होल बॉडी प्लेन के लिए 6 हजार 700 रुपए सेवा शुल्क निर्धारित किया गया है। इसी तरह होल बॉडी और कंट्रास्ट के लिए 9 हजार रुपए, सीटी डेंटल प्लेन के लिए 1400 रुपए, लिंब्स प्लेन के लिए 1700 रुपए, लिंब्स प्लेन व कंट्रास्ट के लिए 2 हजार 300 रुपए, प्रति सीटी फिल्म के लिए 200 रुपए चार्ज निर्धारित है। होल बॉडी सीटी स्कैन पूरे शरीर को कवर करता है। कंट्रास्ट प्रक्रिया में गहराई से शरीर के चिह्नांकित अंग का टेस्ट किया जाता है। जिला अस्पताल प्रबंधन से तय चार्ज के अनुसार सीटी एंकल प्लेन के लिए 1100 रुपए देना पड़ेगा। इसी तरह सीटी एंकल व कंट्रास्ट के लिए 1600 रुपए, एब्डोमन प्लेन के लिए 2092 रुपए, एब्डोमन व कंट्रास्ट के लिए 3400 रुपए, लोवर एब्डोमन इंक्लु. पेल्विस प्लेन के लिए 2092 रुपए, लोवर एब्डोमन इंक्लु. पेल्विस+कंट्रास्ट के लिए 2092 रुपए, आई/ऑर्विट प्लेन के लिए 1200 रुपए, आई/ऑर्विट+कंट्रास्ट के लिए 1700 रुपए, नेक प्लेन के लिए 1560 रुपए, नेक प्लेन व कंट्रास्ट के लिए 1940 रुपए, स्कैन ऑफ पैरा नसल साइनस प्लेन के लिए 1520 रुपए, स्कैन ऑफ पैरा नसल साइनस व कंट्रास्ट के लिए 1860 रुपए सेवा शुल्क निर्धारित किया गया है। इसी हिसाब से शुल्क देना होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *