निर्माण एजेंसी का टेंडर निरस्त होगा:नगर पालिका अध्यक्ष ने दिए निर्देश, इंजीनियर को कार्रवाई की चेतावनी

बालाघाट में हनुमान चौक पर जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए चल रहे निर्माण कार्य की धीमी गति पर नगरपालिका अध्यक्ष भारती पारधी ठाकुर ने नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने उपयंत्री को निर्माण एजेंसी का टेंडर निरस्त करने के निर्देश दिए और ऐसा न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। यह कार्य दो करोड़ रुपये से अधिक की लागत का है। उल्लेखनीय है कि एक सप्ताह पूर्व कलेक्टर ने इसी उपयंत्री को एक नियम विरुद्ध कार्य के लिए निलंबित करने का आदेश दिया था। हालांकि, उस आदेश का पालन न होने के कारण उपयंत्री अभी भी नगरपालिका में कार्यरत हैं। नगरपालिका अध्यक्ष ने निर्माण कार्यों में उपयंत्रियों की निगरानी में लापरवाही को स्वयं देखा। उनका मानना है कि निर्माण एजेंसियां मनमर्जी से काम कर रही हैं, जिसका खामियाजा शहर के नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। हनुमान चौक में वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगरपालिका परिषद चार प्रमुख नालों और नालियों का निर्माण करवा रही है। इसमें प्रेम नगर गायत्री मंदिर मार्ग से गौरवपथ तक लगभग 650 मीटर नाली निर्माण का कार्य शामिल है। इसका कार्यादेश 17 जुलाई को जारी हुआ था। रीवा की निर्माण एजेंसी ने छह माह में मात्र 20 मीटर कार्य ही पूरा किया है, जो कार्य में गंभीर लापरवाही और धीमी गति को दर्शाता है। मंगलवार को निरीक्षण के दौरान इस लापरवाही को देखते हुए नपाध्यक्ष ने उपयंत्री ज्योति मेश्राम को तत्काल निर्माण एजेंसी की निविदा निरस्त करने का प्रस्ताव पीआईसी (प्रेसिडेंट-इन-काउंसिल) के समक्ष प्रस्तुत करने का आदेश दिया। नगरीय क्षेत्र में उक्त कार्य निर्माण कंपनी को लगभग 2 करोड़ 97 लाख रुपए में स्वीकृत किया गया है। जिसमें हनुमान चौक जलनिकासी से जुड़े नाले, अंबेडकर चौक से हनुमान चौक तक नाली निर्माण सहित अन्य प्रमुख मार्गों के कार्य शामिल है, नपाध्यक्ष ने दो बताया कि नगर के हनुमान चौक को जलभराव से मुक्त कराना हमारी परिषद का संकल्प है, जिसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही करने वाली एजेंसियों और अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *