दतिया में दिन-रात के तापमान में 18 डिग्री का अंतर:21 जनवरी से बदलेगा मौसम, मजबूत पश्चिमी विक्षोभ और मावठ की संभावना

दतिया में इन दिनों मौसम ने अचानक करवट ली है और इसके दो बिल्कुल अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। सुबह और शाम के समय ठंड लोगों को गर्म कपड़े पहनने पर मजबूर कर रही है, वहीं दिन चढ़ते ही तेज धूप और गर्मी परेशान करने लगी है। जनवरी के महीने में मौसम का यह मिजाज आमतौर पर फरवरी जैसा महसूस हो रहा है। रात और दिन के तापमान के बीच करीब तीन गुना तक का अंतर दर्ज किया जा रहा है, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ खेती पर भी असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर असर और आसमान साफ रहने के कारण दिन में तेज धूप निकल रही है। इसी कारण मंगलवार की सुबह न्यूनतम तापमान गिरकर 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इस तरह करीब 17 से 18 डिग्री का अंतर दर्ज किया गया। मौसम के इस उतार-चढ़ाव का सीधा असर लोगों की सेहत पर भी दिखने लगा है। जिला अस्पताल और निजी क्लीनिकों में सर्दी-खांसी, जुकाम, बुखार और ब्लड प्रेशर से जुड़ी शिकायतों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। डॉक्टरों का कहना है कि अचानक ठंड से गर्मी और फिर गर्मी से ठंड का यह बदलाव शरीर की इम्युनिटी को कमजोर करता है, जिससे बुजुर्ग, बच्चे और पहले से बीमार लोग ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।खेती-किसानी के लिहाज से भी यह मौसम चिंता बढ़ाने वाला है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार दिन में तेज धूप और रात में ठंडक के कारण गेहूं की फसल की ग्रोथ प्रभावित हो सकती है। तापमान में अधिक अंतर रहने से फसल की बढ़वार धीमी पड़ने और दानों के भराव पर असर पड़ने की आशंका रहती है। किसानों को सिंचाई और खाद प्रबंधन में सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि मजबूत पश्चिमी विक्षोभ 21 जनवरी से शक्ति यह होने जा रहा है। इसका असर दो से तीन दिन बाद देखने को मिलेगा। मावठ भी गिरेगा जो फसलों के लिए फायदेमंद होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *