230 क्विंटल अवैध धान सहित ट्रैक्टर जब्त किया

भास्कर न्यूज | जशपुरनगर अवैध धान परिवहन एवं खपाने के प्रयासों पर अंकुश लगाने के लिए लोदाम पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 19 जनवरी को लोदाम पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 230 क्विंटल धान जब्त किया है। पहले मामले में 19 जनवरी की सुबह लगभग 10.30 बजे लोदाम पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम भलमंडा चौक के पास एक संदिग्ध ट्रैक्टर क्रमांक सीजी-14-एमआर-7224 को रोका। तलाशी के दौरान ट्रैक्टर में 65 बोरियों में भरा कुल 30 क्विंटल धान पाया गया। पूछताछ में ट्रैक्टर चालक भलमंडा निवासी सत्यमूर्ति तिर्की (35) ने बताया कि वह यह धान को झारखंड के कीतम क्षेत्र से लाकर जशपुर अंतर्गत ग्राम बोडोकछार निवासी देवघन राम के यहां ले जा रहा है। पुलिस द्वारा धान से संबंधित दस्तावेज मांगे जाने पर चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर सहित 30 क्विंटल धान जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया। वहीं दूसरे मामले में 19 जनवरी की रात्रि लगभग 8.30 बजे लोदाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम साईं टांगर टोली के पास एक संदिग्ध ट्रक क्रमांक सीजी-04-एमसी-5664 में भारी मात्रा में धान लोड है, जिसे झारखंड राज्य से छत्तीसगढ़ में खपाने के उद्देश्य से लाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को घेराबंदी कर रोका। तलाशी के दौरान ट्रक में 450 बोरियों में 200 क्विंटल धान लोड पाया गया। पूछताछ में ट्रक चालक झारखंड के रातू निवासी बबन सिंह (53) ने बताया कि धान रांची निवासी दिवाकर सिंह का है। इसे यह जशपुर लेकर आ रहा था। इस ट्रक चालक ने भी धान परिवहन को लेकर कोई दस्तावेज नहीं दिए। इसे भी पुलिस ने जब्त कर कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंपा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *