पेंशनर एसोसिएशन 12 फरवरी की देशव्यापी हड़ताल को देगी समर्थन

भास्कर न्यूज |लुधियाना पेंशनर एसोसिएशन पावरकॉम और ट्रांसको की राज्य समिति के आह्वान पर पूरे पंजाब में सर्किल स्तर पर कन्वेंशन आयोजित कर 12 फरवरी को होने वाली देशव्यापी हड़ताल की तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में आज लुधियाना के पूर्वी और पश्चिमी सर्किल की संयुक्त कन्वेंशन आयोजित की गई। यह कन्वेंशन पेंशनर भवन, डिप्टी कमिश्नर कार्यालय में संपन्न हुई। कन्वेंशन को राज्य उपाध्यक्ष साथी देव राज के अलावा सर्किल प्रधान हरजीत सिंह और बलदेव राज जोशी ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार बिजली बिल 2025 को लोकसभा में पेश कर उसे पास कराने की कोशिश कर रही है, जिसका कड़ा विरोध किया जाएगा। इसी के विरोध में 12 फरवरी को पूरे देश में बड़े स्तर पर हड़ताल की जा रही है। इस हड़ताल में जहां बिजली कर्मचारी भाग लेंगे, वहीं पेंशनर एसोसिएशन के साथी भी इसे पूर्ण समर्थन देंगे। बलवीर सिंह मल्ल्ही, शमिंदर सिंह लोंगोवाल, बलविंदर सिंह, चमकौर सिंह और चरणजीत सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा बिजली बोर्ड की संपत्तियों को बेचा जा रहा है। इसके अलावा किसानों के लिए बीज संशोधन बिल लाया गया है और श्रम कानूनों की जगह चार लेबर कोड लागू किए गए हैं, जिनका आज की कन्वेंशन में जोरदार विरोध किया गया। सर्किल प्रधान हरजीत सिंह ने कहा कि मनरेगा योजना की जगह केंद्र सरकार द्वारा बीजी राम जी योजना लाई गई है, जिसका हर स्तर पर विरोध हो रहा है। उन्होंने कहा कि पेंशनर एसोसिएशन इन सभी मुद्दों पर चल रहे संघर्षों में आगे बढ़कर भाग लेगी और अपनी मजबूत भूमिका निभाएगी। इस कन्वेंशन में साथी चमकौर सिंह, महिंदर सिंह, रणजीत सिंह, शमशेर सिंह और हीरावन सहित बड़ी संख्या में पेंशनर साथी उपस्थित रहे। कन्वेंशन के दौरान सभी ने एकजुट होकर सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *