चिरमिरी | खेलो इंडिया अस्मिता 2025-26 अंतर्गत आयोजित अस्मिता योगासन वीमेन लीग वेस्ट जोन में चिरमिरी की सीमा सिंह को योगासन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट जजिंग भूमिका निभाने के लिए सम्मानित किया गया। यह तीन दिवसीय आयोजन 16, 17 और 18 जनवरी को रायपुर के अग्रसेन भवन में संपन्न हुआ, जिसमें 8 राज्यों की प्रतिभाशाली बालिकाओं व युवतियों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता के दौरान योगासन के विभिन्न वर्गों में प्रतिभागियों ने उच्च स्तर का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल की भूमिका सीमा सिंह ने निभाई। सीमा सिंह पिछले 20 वर्षों से डीएवी स्कूल में सेवाएं दे रही हैं और इससे पूर्व भी वे कई राष्ट्रीय स्तर की योगासन प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका निभा चुकी हैं। योगासन के प्रचार-प्रसार और महिलाओं में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में उनका योगदान सराहनीय रहा है।


