किसानों के हितों से समझौता नहीं करेंगे: सिंह

भास्कर न्यूज | कुसमी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित अंबिकापुर के नवनियुक्त अध्यक्ष रामकिशुन सिंह के प्रथम नगर आगमन पर सोमवार को कुसमी में आयोजित स्वागत कार्यक्रम हुआ। सामरी पाठ क्षेत्र से लगे झारखंड के ओरसा घाट में हुई भीषण सड़क दुर्घटना (जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई) के चलते आयोजन से आतिशबाजी और गाजे-बाजे को पूरी तरह हटा दिया गया। कार्यक्रम के दौरान दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। मुख्य अतिथि रामकिशुन सिंह ने कहा कि किसानों के हितों से समझौता नहीं किया जाएगा। किसानों के साथ दुर्व्यवहार या अनियमितता करने वाले कर्मचारियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। सरकार किसानों का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। टोकन व अन्य समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान होगा और जरूरत पड़ने पर तिथियां बढ़ाई जाएंगी। बैंकों में फर्जी ऋण निकालकर किए गए गबन के मामलों का जल्द निराकरण किया जाएगा। सहकारिता को केवल धान खरीदी तक सीमित न रखकर कम ब्याज पर ऋण, खाद और बीज उपलब्ध कराकर किसानों को सशक्त बनाया जाएगा। जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनी निकुंज ने कहा कि रामकिशुन सिंह के अध्यक्ष बनने से कुसमी क्षेत्र के किसानों में नई उम्मीद जगी है। स्वागत भाषण नगर पंचायत उपाध्यक्ष आनंद जायसवाल ने दिया। संचालन मंडल महामंत्री बालेश्वर राम और आभार प्रदर्शन मुरारी सोनी ने किया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष बसंती भगत, अशोक सोनी, संजीदा नाग, सुषमा मिंज, शशि टोप्पो, संजय जायसवाल, भूपेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *