कोडरमा | ग्रिजली कॉलेज ऑफ एजुकेशन में आईक्यूएसी के तत्वावधान में साइबर सुरक्षा एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता विषय पर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला का सफलतापूर्वक समापन हो गया। कार्यशाला का शुभारंभ रिसोर्स पर्सन कुणाल अम्बसटा, महाविद्यालय के प्राचार्य, डीएलएड विभागाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह, शैक्षणिक समन्वयक सौरभ शर्मा एवं सभी संकाय सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यशाला में बतौर रिसोर्स पर्सन कुणाल अम्बसटा, प्रभारी रोबोटिक्स लैब, ग्रिजली विद्यालय, तिलैया डैम, कोडरमा ने साइबर सुरक्षा एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता विषय पर विस्तार से जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा केवल तकनीकी आवश्यकता नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने साइबर अपराधों से सतर्क रहने, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का सोच-समझकर उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता शिक्षा के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी क्रांतिकारी बदलाव ला रही है। यदि इसका सकारात्मक और नैतिक उपयोग किया जाए तो यह समाज के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो सकती है। कार्यशाला के अंत में प्रश्नोत्तरी सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशिक्षुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मौके पर सहायक प्राध्यापक डॉ पूजा कुमारी, डीएलएड समन्वयक खुशबू कुमारी सिन्हा, मनीष कुमार सिन्हा, संजीत कुमार, अनिल दास, सीताराम यादव एवं चुन्नु कुमार सहित अन्य संकाय सदस्य मौजूद थे।


