चूरू में जिला कलेक्टर अभिषेक सुराना ने मंगलवार देर शाम चूरू के कोतवाली थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, रिकॉर्ड संधारण, साफ-सफाई और पुलिसिंग की कार्यप्रणाली का गहनता से जायजा लिया। कलेक्टर ने थाने में मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने महिला डेस्क, बाल डेस्क, मालखाना, एचएम कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष और रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण किया। थाना परिसर की सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। उन्होंने पुलिस मैस में भोजन कर उसकी गुणवत्ता की सराहना की। इसके साथ ही थाने में जब्त वाहनों व माल के रख-रखाव की स्थिति का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बीट कॉन्स्टेबल को इंटेलिजेंस तंत्र को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और बड़ी से बड़ी वारदात के खुलासे में बीट कॉन्स्टेबल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। समय पर सूचना संकलन से अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने हथियारों के नवीनीकरण एवं रिकॉर्ड संधारण के कार्य समयबद्ध रूप से पूरा करने, सीसीटीएनएस डेटा नियमित अपडेट करने तथा आमजन के साथ संवेदनशील व जवाबदेह व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर कोतवाली थानाधिकारी सुखराम चोटिया, सब इंस्पेक्टर किशनाराम, एएसआई योगेश कुमार सहित सुनील कुमार, विकास कुमार, मनोज कुमार, सुभाष चन्द्र, नीतू एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


