सिंगरौली के जियावन थाना क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। बुधवार को जियावन पुलिस ने बिना ट्रांजैक्ट परमिट (टीपी) के रेत ले जा रहे एक हाईवा वाहन को जब्त किया है। बिना टीपी के रेत का परिवहन करते हाइवा जब्त जब्त किए गए वाहन का क्रमांक MP53 ZC 2556 है। पुलिस ने वाहन को थाने में खड़ा कर आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हाईवा वाहन बिना टीपी के रेत का परिवहन करता पाया गया। पुलिस के अनुसार, वाहन ओवरलोड भी प्रतीत हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वाहन से संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। ट्रांजैक्ट परमिट वैध है या नहीं, इसकी पुष्टि खनिज विभाग के माध्यम से की जाएगी। अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को रोकने के लिए चलाया जा रहा अभियान जियावन थाना प्रभारी रोशनी कुर्मी ने बताया कि क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को रोकने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने जानकारी दी कि मंगलवार को भी पुलिस ने एक ऐसे ट्रक को पकड़ा था, जिसका ट्रांजैक्ट परमिट समाप्त हो चुका था, फिर भी उसमें रेत का परिवहन किया जा रहा था। टीआई बोले-ओवरलोडिंग की भी हो रही है जांच थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि आज पकड़े गए हाईवा के मामले में ओवरलोडिंग और टीपी दोनों बिंदुओं पर जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दोहराया कि अवैध रेत परिवहन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।


