मंडला में आगामी नर्मदा जयंती के पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रूप से मनाने के लिए प्रशासन और पुलिस ने 21 जनवरी को पुलिस कंट्रोल रूम में संयुक्त बैठक की। इस बैठक में चुनरी यात्रा समिति, भंडारा समिति, मंदिर समिति और महाआरती समिति के पदाधिकारी शामिल हुए। भंडारे और यात्रा पर दिए निर्देश बैठक में तय किया गया कि नर्मदा जयंती के दौरान भंडारे सड़क किनारे नहीं लगाए जाएंगे, ताकि यातायात में रुकावट न हो और स्वच्छता बनी रहे। भंडारा समितियों को ध्वनि यंत्रों का सीमित उपयोग करने और पुलिस प्रशासन को यातायात बनाए रखने में सहयोग देने के निर्देश दिए गए। चुनरी यात्रा समिति को यात्रा समय का पालन, यातायात नियमों का ध्यान रखने और ध्वनि यंत्रों का नियंत्रित उपयोग करने को कहा गया। दोनों समितियों ने यातायात व्यवस्था में सहयोग करने का आश्वासन दिया। सुरक्षा के लिए नागरिकों से अपील मंडला पुलिस ने आम लोगों से कहा है कि वे कार्यक्रम के दौरान भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों और गहरे पानी में जाने से बचें। अपने कीमती सामान और आभूषणों की सुरक्षा स्वयं करें और आभूषण पहनकर कार्यक्रम में आने से बचें। बच्चों और बुजुर्गों पर विशेष ध्यान दें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से मदद लें। यह रहे उपस्थित बैठक में एसडीएम सोनल सिडाम, एसडीओपी मंडला पीयूष मिश्रा, नायब तहसीलदार राम सिंह उलड़ी, थाना प्रभारी निरीक्षक शफीक खान, यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक ललित धुर्वे, नगरपालिका इंजीनियर प्रकाश ठाकुर और विभिन्न समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।


