बीकानेर रेंज में वर्ष 2025 के दौरान पुलिस की सख्त कार्रवाई का असर साफ दिखाई दिया है। आईजी पुलिस, बीकानेर रेंज की ओर से जारी समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2024 की तुलना में 2025 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत दर्ज कुल अपराधों में 8.76 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। हत्या, लूट, डकैती, चोरी जैसे गंभीर अपराधों में उल्लेखनीय गिरावट आई है। उधर, सड़क हादसों में मृतकों की संख्या में पिछले साल की तुलना में दस फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इस बार 1239 लोगों की हादसों में मौत हो गई। रिपोर्ट के अनुसार हत्या के मामलों में 30.60 प्रतिशत, लूट में 47.57 प्रतिशत, चोरी में 43.36 प्रतिशत और डकैती में 20 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। वर्ष 2024 में जहां हत्या के 232 मामले थे, वहीं 2025 में यह संख्या घटकर 161 रह गई। इसी तरह लूट के मामले 103 से घटकर 54 हो गए । महिला अपराधों में करीब दस फीसदी बढ़ोतरी महिला अपराधों के कुल मामलों में 9.80 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, हालांकि दुष्कर्म (बालिग) के मामलों में 18.46 प्रतिशत और नाबालिग दुष्कर्म में 7.34 प्रतिशत की कमी रही। दहेज मृत्यु और आत्महत्या के दुष्प्रेरण के मामलों में भी गिरावट दर्ज की गई, जबकि छेड़छाड़, अपहरण और घरेलू उत्पीड़न के मामलों में बढ़ोतरी सामने आई। एससी/एसटी एक्ट के मामलों में 16 प्रतिशत से ज्यादा कमी अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में 16.07 प्रतिशत की कमी आई है। हत्या, अपहरण और दुष्कर्म जैसे मामलों में भी गिरावट दर्ज की गई है। कुल एससी/एसटी एक्ट के प्रकरण 2024 में 1307 से घटकर 2025 में 1104 रह गए । नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट के तहत 1544 प्रकरण दर्ज कर 2369 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान करीब 20 हजार किलो डोडा पोस्त, 207 किलो अफीम, 390 किलो गांजा और 33 किलो स्मैक/हेरोइन समेत बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए गए। वर्ष 2026 की शुरुआत में भी लगातार कार्रवाई जारी है । सड़क हादसों में केस कम, लेकिन मौतें बढ़ीं 2025 में सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में 3.73 प्रतिशत की कमी आई, लेकिन मृतकों की संख्या में 10.32 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। पुलिस के अनुसार अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेस-वे और भारतमाला मार्ग पर होने वाले हादसे इसका मुख्य कारण हैं, जिन पर नियंत्रण के लिए अलग कार्ययोजना बनाई जा रही है। आईजी पुलिस कार्यालय के अनुसार अवैध मादक पदार्थ, शराब, हथियारों की तस्करी और संगठित अपराध पर सख्ती आगे भी जारी रहेगी, ताकि बीकानेर रेंज को और अधिक सुरक्षित बनाया जा सके।


