निजी स्कूल में स्टूडेंट से मारपीट का आरोप:मां बोलीं- बेटे के कान का पर्दा फटा, शिकायत करने स्कूल पहुंची तो की बदसलूकी

जयपुर में एक निजी स्कूल के कक्षा 5वीं में पढ़ने वाले स्टूडेंट के साथ शिक्षकों द्वारा मारपीट का मामला दर्ज हुआ। पीड़िता मेघना देवी (परिवर्तित नाम) निवासी जयपुर ने करणी विहार थाने में मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया कि उनका बेटा अनुपम विहार स्थित निम्फ एकेडमी (Nymph academy) में कक्षा 5 का छात्र है। स्कूल में कुछ शिक्षक आए दिन उसके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना करते रहते हैं। वहीं स्टूडेंट की मां का आरोप है कि स्कूल में शिकायत करने पहुंची तो मेरे साथ मंगलवार को मारपीट व अभद्र व्यवहार किया गया। करणी विहार थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं स्कूल ने भी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। बेटे से पहले भी मारपीट का आरोप, कान का पर्दा फटा
रिपोर्ट में मेघना देवी ने बताया कि पहले भी उनके बेटे के साथ मारपीट की गई थी। इससे उसके कान का पर्दा फट गया था। घटना की शिकायत नियमानुसार स्कूल प्रशासन को दी थी, लेकिन इसके बावजूद स्कूल की ओर से कोई सुधारात्मक कदम नहीं उठाया गया। शिकायत करने पर मां-बेटे के साथ मारपीट का आरोप
पीड़िता ने बताया 20 जनवरी को वह अपने बेटे के साथ स्कूल पहुंचीं और प्रशासन को शिकायत दी। उन्होंने उन शिक्षकों से बात करने की मांग की, जिन्होंने बच्चे के साथ मारपीट की थी। इसी दौरान स्कूल में मौजूद डायरेक्टर नेहा, प्रेम सिंह और अन्य स्टाफ सदस्यों ने कथित रूप से उनके साथ और उनके बेटे के साथ मारपीट की। आरोप है कि मेघना देवी को कपड़े पकड़कर घसीटा गया और स्कूल के ऑफिस में बंद कर दिया गया। इस घटना को देखकर बच्चा डर के कारण रोने लगा। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया, जिससे वह पुलिस को सूचना नहीं दे सकी। पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच शुरू
मामले में करणी विहार थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। रिपोर्ट को सीसीटीएनएस में दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक सुरेश सिंह नरुका को सौंपी है। पीड़ित परिवार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने कहा- मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्कूल ने महिला पर डंडा लेकर पहुंचने के लगाए आरोप
वहीं स्कूल सेक्रेटरी देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया- महिला मंगलवार शाम 3 बजे स्कूल में डंडा लेकर पहुंची थी। महिला ने गार्ड को धक्का देकर स्कूल में एंट्री करके पहले फ्लोर पर पहुंची। इस दौरान महिला टीचर का सिर फोड़ने की धमकी दी। इस दौरान जिस टीचर पर बेटे से मारपीट का आरोप लगाया जा रहा है, उनको सामने लाने की बात कही। वहीं महिला ने छत से कूदने की धमकी भी दी। चौहान ने कहा- हमने मौके पर पुलिस बुलाई। पुलिस ने महिला को डंडे सहित पकड़ा। दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा- संबंधित मामले में स्कूल जांच के लिए तैयार है। मामले में पुलिस को बच्चे से जुड़ी घटना के वीडियो भी उपलब्ध करवाए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *