भास्कर न्यूज |लुधियाना मॉडल टाउन एक्सटेंशन स्थित गुरुद्वारा अमर शहीद बाबा दीप सिंह में श्रद्धा और भक्ति के माहौल में जप–तप समागम का आयोजन किया गया। समागम की शुरुआत सुबह 11 बजे हुई, जो शाम 4 बजे तक चला। इस दौरान बड़ी संख्या में संगत ने पहुंचकर सिमरन, पाठ और सेवा में भाग लिया। समागम में बीबी चरणदीप कौर बब्बू बहन जी के जत्थे द्वारा संगती रूप में श्री जप जी साहिब, श्री चौपाई साहिब और श्री सुखमणि साहिब का पाठ किया गया। पाठ के दौरान गुरुद्वारा साहिब का वातावरण गुरबाणी की गूंज से भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर संगत ने केवल पाठ ही नहीं, बल्कि सेवा कार्यों में भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। संगत ने लंगर पकाने, जोड़े खाने और बर्तन धोने की सेवा निभाई, जिससे समागम में सेवाभाव की झलक साफ दिखाई दी। स्त्री सत्संग सभा की ओर से भावपूर्ण शबद गायन किया गया। सभा द्वारा धन धन बाबा दीप सिंह जी तेरे चोपेहेर ने सानू तारिया, एक तेरे सहारा मिल जाएं, मेरी झूली भर दो बाबा दीप सिंह जी, गुरु बिन देखें नींद ना आवे और ऐसी दया करों महाराज नाम ना विसरे जैसे शबद गाए गए, जिन्हें सुनकर संगत भाव-विभोर हो गई। हरविंदर कौर ,जसविंदर कौर और परविंदर कौर ने बताया कि वो तीनों मिलकर हर जप तप समागम में लंगर अपने घर से बना कर लेकर आती है। उन्होंने बताया कि लंगर बनाते समय वो धन धन बाबा दीप सिंह जी अंग संग साही होना जी का सिमरन करती है। 24 जनवरी: विशाल नगर कीर्तन {26 जनवरी: कीर्तन समागम {50 स्टाल: अलग-अलग पकवान {सजावट: विदेशी फूल व रंग-बिरंगी लाइटें {रात: आतिशबाजी का आयोजन इस मौके पर गुरुद्वारा कमेटी के सदस्यों ने संगत से अपील की कि 24 जनवरी को अमर शहीद बाबा दीप सिंह जी के जन्मदिवस पर निकाले जा रहे विशाल नगर कीर्तन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने बताया कि नगर कीर्तन में बैंड-बाजा, गतका टीमें, स्कूलों के बच्चे और स्त्री सत्संग सभा शामिल होंगी।गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान सुरिंदर सिंह बिंद्रा, सेक्रेटरी सुखविंदर पाल सिंह सरना तथा हरप्रीत सिंह राजधानी और नवप्रीत सिंह राजधानी ने बताया कि पूरे गुरुद्वारा साहिब को भव्य रूप से सजाया जा रहा है। वहीं अमरजीत सिंह टिक्का ने जानकारी दी कि नगर कीर्तन में डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन भी हिस्सा लेंगे। समागम के अंत में संगत ने श्री आनंद साहिब का पाठ किया, उपरांत अरदास में हाजिरी भरी और “बोले सो निहाल” के जयकारों के साथ समागम का समापन हुआ।


