भास्कर न्यूज | अमृतसर श्री दशमेश प्रचार सेवा ट्रस्ट के मुख्य सेवादार बाबा कुलवंत सिंह ने श्री अकाल तख्त सचिवालय में जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज को ज्ञापन सौंपा। इसमें पंजाब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी की बढ़ती घटनाओं पर गहरी चिंता जताई गई और इन घटनाओं की कड़ी निंदा की गई। बाबा कुलवंत सिंह ने कहा कि बेअदबी की घटनाओं से सिख समुदाय की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है और यह सिख पंथ को गंभीर चुनौती है। उन्होंने आप सरकार से अपील की कि बेअदबी के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे ताकि भविष्य में कोई ऐसा घिनौना कदम उठाने की हिम्मत न करे। उन्होंने कहा कि जब तक दोषियों को कड़ी सजा नहीं दी जाती, ऐसी घटनाओं के रुकने की उम्मीद बहुत कम है। इसके साथ ही, बाबा कुलवंत सिंह ने कुछ संगत द्वारा बाबा दीप सिंह जी के जन्मोत्सव पर केक काटकर मनाने पर भी एतराज जताया। उन्होंने कहा कि सिख धर्म में केक काटने का कोई रिवाज नहीं है और ऐसे रीति-रिवाज गुरमत मर्यादा के मुताबिक नहीं हैं। इस बारे में उन्होंने जत्थेदार श्री अकाल तख्त साहिब से मांग की कि सभी गुरुद्वारा साहिबान के प्रबंधकों को साफ आदेश जारी किए जाए ताकि कोई भी संगत बाबा दीप सिंह जी की जन्मोत्सव पर केक न काटे और कार्यक्रम गुरमत के हिसाब से मनाए जाएं। इस मौके पर सुदामा सिंह, शरणजीत सिंह, रणजीत सिंह, प्रताप सिंह, जसबीर सिंह वरयाम मौजूद थे।


