भास्कर न्यूज| लुधियाना साउथ सिटी और लाडोवाल बाईपास की ओर जाने वाले राहगीरों और वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। सिधवां कैनाल पर नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की तरफ से बनाए जा रहे चार स्टील ब्रिजों की कड़ी में आखिरी और चौथे पुल का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। विभाग इस पुल को जनवरी के आखिरी सप्ताह तक ट्रैफिक के लिए खोलने की तैयारी में है। इस पुल के शुरू होते ही अयाली खुर्द और आसपास के रिहायशी इलाकों की कनेक्टिविटी पहले से कहीं बेहतर हो जाएगी। लाडोवाल बाइपास में सिधवां कैनाल में करीब चार किलोमीटर दूरी पर चार स्टील कैनाल एनएचआई की तरफ से 2023 में बनने शुरू हुए थे। इनकी लागत करीब 16 करोड़ थी। इसमें तीन ब्रिज का निर्माण पहले ही पूरा हो गया था। अब बाकी रह गए एक ब्रिज का निर्माण चल रहा था। जिसका काम लगभग पूरा हो गया है। अब इस पुल को जनवरी माह के अंत तक खोला जाएगा। जिससे अयाली खुर्द, साउथ सिटी की तरफ जाना आसान होगा। प्रोजेक्ट पर एक नजर {कुल लागत-16 करोड़ (लगभग) {कुल पुलों की संख्या- 04 स्टील ब्रिज {काम की शुरुआत- साल 2023 {वर्तमान स्थिति- 3 चालू पुल, चौथे का काम 99 प्रतिशत काम पूरा इन चार पुलों के निर्माण से कैनाल को पार करते हुए वाहनों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी और यातायात सुचारू रूप से होगा। इन ब्रिजों को आधुनिक तकनीक और स्टील स्ट्रक्चर से तैयार किया गया है। ताकि भारी वाहनों के दबाव को सहन किया जा सके। 2023 में शुरू हुआ यह प्रोजेक्ट अब खत्म होने जा रहा है। जनवरी के अंत तक इस चौथे पुल के खुलने के बाद, सिधवां कैनाल के इस हिस्से पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारू हो जाएगी। एनएचएआई की पीडी प्रियंका मीना ने बताया कि रह गए ब्रिज का काम पूरा होने को है। जल्द ही लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।


