रिम्स प्रबंधन ने कुछ ठेकेदारों पर निदेशक और अधिकारियों के विरुद्ध साजिश रचने तथा भ्रामक सूचनाएं फैलाने का गंभीर आरोप लगाया है। रिम्स प्रबंधन ने सोशल मीडिया में विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से बताया है कि संस्थान में वर्षों से कार्यरत कुछ ठेकेदारों की संलिप्तता वित्तीय अनियमितताओं में सामने आने के बाद उनके खिलाफ नियम सम्मत कार्रवाई शुरू की गई है। इसी से नाराज होकर ये तत्व शासन के कुछ व्यक्तियों की मिलीभगत से निदेशक के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं और आम जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। रिम्स प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि निदेशक डॉ. राजकुमार के नेतृत्व में पिछले दो वर्षों में संस्थान में कई सुधारात्मक कदम उठाए गए हैं। इस दौरान अत्याधुनिक और उच्चस्तरीय तकनीकी मशीनों की खरीद की गई, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। इन उपलब्धियों का उल्लेख संस्थान की वार्षिक रिपोर्ट में भी दर्ज है। प्रबंधन ने यह भी कहा कि रिम्स में सभी टेंडर प्रक्रियाएं राज्य सरकार की क्रय नीति के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही हैं।


