बाखासर के सुहागी गांव की घटना:दंपती को कमरे में बंद कर दो चोरों ने 50 लाख रुपए के आभूषण चुराए, पड़ोस में भी पहले किया था प्रयास

बाड़मेर जिले के बाखासर क्षेत्र के सुहागी गांव में मंगलवार रात को चोरों ने एक दंपती परिवार को उसके ही कमरे में बंद कर पास के दूसरे कमरे से लाखों रुपए के जेवरात चोरी कर लिए। वारदात के दौरान ताले तोड़ने की आवाज सुनकर दंपती जागे तो उसके कमरे की बाहर से कुंडी लगाई हुई थी। इसके बाद फोन करके भाई को बुलाया तब तक चोर जेवरात लेकर भाग गए। इस वारदात के बाद पुलिस की टीमें जांच में जुटी हुई है। पुलिस की डॉग स्क्वायड टीम, एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची। गांव में सीसीटीवी नहीं होने से चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों का सुराग नहीं लगा है। पहले पड़ोसी घर में घुसने की कोशिश की, आवाज दी तो मौके से भागे थानाधिकारी राजूराम विश्नोई का कहना है कि सुहागी गांव निवासी शेषकरण पुत्र शंकरदान चारण ने मंगलवार की रात करीब 2 बजे चोरों द्वारा घर में चोरी की वारदात को अंजाम देकर लाखों रुपए के जेवरात चोरी करने का मामला दर्ज करवाया है। शेषकरण का कहना है कि वे और पत्नी दोनों घर के एक कमरे में सो रहे थे। रात के करीब 2 बजे दो चोर उनके घर में घुसे और जिस कमरे में वो पति-पत्नी सो रहे थे। उसके कुंडी लगा दी। इसके बाद दूसरे कमरे का ताला तोड़ कर अंदर घुसे और अलमारी तोड़ने लगे। इस दौरान आवाज से वो जगे और उठ कर कमरे से बाहर निकलने के लिए दरवाजा खोलने लगे तो बाहर से कुंडी लगी हुई थी। पड़ोस में रहने वाले भाई को फोन किया। वो लोग 10-15 मिनट में आए तब तक चोर करीब 27 तोला सोना जिसमें आड, कंठी, झूमर सहित अन्य सोने के आभूषण व करीब 20 तोला चांदी लेकर भाग गए। मौके से दो चोरों के पैरों के निशान मिले हैं। आसपास में कहीं सीसीटीवी नहीं था। ऐसे में आरोपियों के ​हुलिए का कोई सुराग नहीं लगा। वारदात के बाद शेषकरण दान की पड़ोसी महिला ने भी कहा कि रात 2 बजे उनकी खिड़की तोड़ने का प्रयास हुआ था। खिड़की की आवाज सुनकर वो उठे और आवाज दी, इसके बाद वहां कोई नहीं था। संदेह है इन्हीं चोरों ने पहले पड़ोसी के घर पर भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन वहां लोग जाग जाने से अलर्ट हुए। इसके बाद दूसरे घर गए, जहां भी दंपती के जागने का डर था। इसी वजह से उनके कमरे की कुंडी लगा दी और चोरी करके भाग गए। डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम पहुंची चोरी के बाद बाखासर के सुहागी गांव पुलिस डॉग स्क्वायड व एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची। मौके से पैरों के निशान के आधार पर साक्ष्य जुटाए हैं। चोरों के फिंगर ​प्रिंट भी लिए गए। पुलिस पूछताछ कर रही है। रात करीब 12:30 बजे एक बाइक पर उसी इलाके से जाने वाले दो लोगों को डिटेन किया है, जिन्हें पूछताछ में सामने आया कि वो कृषक थे और ​बेरे पर काम कर वापिस आए थे। फिलहाल चोरों का कोई सुराग नहीं लगा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *