कांग्रेस नेता शक्तिसिंह गोहिल के भतीजे और सरकारी अधिकारी यशराज सिंह गोहिल ने आत्महत्या कर ली। यशराज की शादी दो महीने पहले ही हुई थी। पुलिस के मुताबिक बुधवार रात दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद यशराज ने पहले पत्नी राजेश्वरी की हत्या की। फिर 108 पर कॉल करके पुलिस को बताया और बाद में आत्महत्या कर ली। वस्त्रपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही हैं। घटना के बाद एनआरआई टावर के गेट बंद कर दिए गए हैं और कड़ी पुलिस सुरक्षा तैनात कर दी गई है। फ्लैट में रहने वालों के अलावा किसी को भी अंदर जाने की परमिशन नहीं है। यशराज सिंह गुजरात समुद्री बोर्ड में अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। उन्हें हाल ही में क्लास 2 से क्लास 1 अधिकारी के रूप में प्रमोट किया गया था।


