16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर उपायुक्त ने दिलाई लोकतंत्र की मजबूती की शपथ

गढ़वा | गुरुवार को 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 के मौके पर समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिनेश यादव ने उपस्थित जिला स्तरीय पदाधिकारियों और कर्मचारियों को मतदाता प्रतिज्ञा दिलाई और लोकतंत्र की मजबूती का संदेश दिया। उपायुक्त ने शपथ दिलाते हुए कहा कि भारत के नागरिक के रूप में हम लोकतंत्र में पूर्ण आस्था रखते हैं तथा देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखने के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर, बिना किसी धर्म, जाति, वर्ग, समुदाय, भाषा अथवा किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने एक स्वर में इस शपथ को दोहराया। मौके पर उपायुक्त ने जिलेवासियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मतदान लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा है। यह केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक कर्तव्य भी है। राष्ट्रीय मतदाता दिवस नागरिकों को लोकतंत्र के प्रति जागरूक करने और उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने योग्य मतदाताओं से अपील की कि वे निर्भीक होकर, बिना किसी दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें। साथ ही उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जिले में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *