गोगो फाइटर ने 5 विकेट से जीता गढ़वा प्रीमियर लीग सीजन-छह का खिताब

भास्कर न्यूज | गढ़वा गढ़वा प्रीमियर लीग सीजन-6 का खिताब गोगो फाइटर ने अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में गोगो फाइटर ने चैलेंजर इलेवन को रोमांचक मुकाबले में पांच विकेट से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। यह फाइनल मैच दर्शकों के लिए पूरी तरह रोमांच से भरपूर रहा। जिसमें दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में गोगो फाइटर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनका यह निर्णय पूरी तरह सही साबित हुआ। गोगो फाइटर के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही चैलेंजर इलेवन पर दबाव बनाए रखा। नतीजतन चैलेंजर इलेवन की पूरी टीम निर्धारित 15 ओवर भी पूरे नहीं खेल सकी। वहीं मात्र 115 रन पर ऑल आउट हो गई। चैलेंजर इलेवन की ओर से कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। सन्नी और सचिन को छोड़ दिया जाए तो बाकी बल्लेबाज जल्दी-जल्दी पवेलियन लौटते रहे। विकेट लगातार गिरने के कारण टीम कोई मजबूत साझेदारी नहीं बना सकी। गोगो फाइटर की ओर से गेंदबाजी करते हुए सौरभ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके। जबकि पुट्टी और गोलू ने दो-दो विकेट हासिल कर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। अन्य गेंदबाजों ने भी कसी हुई गेंदबाजी कर रन गति पर अंकुश लगाए रखा। 116 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोगो फाइटर की शुरुआत एक बार फिर शानदार रही। सलामी बल्लेबाज इमरोज़ ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 10 गेंदों में 27 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। हालांकि पावर प्ले समाप्त होते ही चैलेंजर इलेवन ने जोरदार वापसी की और लगातार तीन विकेट लेकर मैच को रोमांचक बना दिया। कुछ देर के लिए ऐसा लगने लगा कि मुकाबला चैलेंजर इलेवन की ओर झुक रहा है। लेकिन इसके बाद मासूम और रियाज ने संयम और सूझबूझ के साथ बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख बदल दिया। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 35 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। जिसने गोगो फाइटर को जीत के करीब पहुंचा दिया। अंततः गोगो फाइटर ने लक्ष्य हासिल करते हुए पांच विकेट से मुकाबला जीत लिया और चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। मैच में शानदार 42 रनों की निर्णायक पारी खेलने के लिए मासूम को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सह झामुमो के केंद्रीय महासचिव माननीय मिथिलेश कुमार ठाकुर के हाथों प्रदान किया गया। फाइनल मुकाबले में मुख्य अंपायर की भूमिका मनाऊवर शेख ने निभाई। जबकि दूसरे अंपायर मोहसिन अंसारी रहे। स्कोरर की जिम्मेदारी आरजू अंसारी ने संभाली और कॉमेंट्री प्रिंस खान ने की। आयोजन को सफल बनाने में कमेटी अध्यक्ष वसीम खान, सचिव आरजू कुरैशी, कोषाध्यक्ष मनाऊवर शेख तथा आयोजनकर्ता चांद वारिस, आरजू आलम, प्रिंस खान, फैजान आलम, नसीम खान, शाहनवाज आलम, नेसार खान, इम्तेयाज खान सहित कई लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *