साइकेट्रिक डॉक्टरों का विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित हुआ

शांति फाउंडेशन पुनर्वास केंद्र में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर एक विशेष साइकेट्रिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में डिमरापाल अस्पताल, जगदलपुर से आए मनोवैज्ञानिक चिकित्सक डॉ. भूपेंद्र सिंह ठाकुर एवं डॉ. पुलेश्वर पटेल ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर के दौरान डॉ. भूपेंद्र सिंह ठाकुर ने शांति फाउंडेशन में निवासरत सभी प्रभुजनों का बारीकी से मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति की मानसिक स्थिति को समझते हुए व्यक्तिगत रूप से परामर्श दिया तथा आवश्यक चिकित्सकीय एवं व्यवहारिक सुझाव भी प्रदान किए। डॉक्टर ठाकुर की सहज, संवेदनशील एवं मानवीय कार्यशैली से प्रभुजन काफी संतुष्ट नजर आए। मानसिक स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विषय पर विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा किए गए इस परीक्षण से कई निवासरत मरीजों को अपनी समस्याओं को समझने और उनसे उबरने में सकारात्मक मार्गदर्शन मिला। शिविर के दौरान मरीजों के आत्मविश्वास एवं मानसिक संतुलन को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। शांति फाउंडेशन प्रबंधन ने इस सराहनीय सेवा के लिए डॉ. भूपेंद्र सिंह ठाकुर एवं डॉ. पुलेश्वर पटेल के प्रति आभार व्यक्त किया। संस्था प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के मानसिक स्वास्थ्य शिविर समाज के लिए अत्यंत उपयोगी हैं, विशेषकर उन लोगों के लिए जो लंबे समय से मानसिक समस्याओं से जूझ रहे हैं। समापन पर डॉक्टरों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *