बैठक में सरस्वती पूजा शांतिपूर्ण मनाने की अपील

झुमरी तिलैया| श्री सत्यनारायण मंदिर परिसर में राम संकीर्तन मंडल की ओर से दो दिवसीय बसंत महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। प्रथम दिन शुक्रवार को पूजा-अर्चना होगी। इसके पश्चात दोपहर 2 बजे से अखंड ज्योत प्रज्वलन के साथ सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद स्थानीय कलाकारों द्वारा भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा। संध्या 5:30 बजे से गायत्री दीप यज्ञ होगा, जिसके उपरांत पुनः भजन-कीर्तन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। द्वितीय दिन 24 जनवरी को सुबह 9 बजे से सुंदरकांड पाठ होगा। इसके पश्चात भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 3 बजे से श्रद्धालुओं के बीच भोग प्रसाद (खिचड़ी) का वितरण किया जाएगा। वहीं विशेष आकर्षण के रूप में 24 जनवरी को दोपहर 2 बजे से गजरा एवं होली कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में समय पर पहुंचकर इस धार्मिक महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है। इटखोरी| मां सरस्वती की पूजा शांतिपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर इटखोरी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। इसकी अध्यक्षता प्रमुख प्रिया कुमारी ने की। बैठक में कहा गया कि 23 जनवरी को आयोजित होने वाली मां सरस्वती की पूजा शांतिपूर्ण माहौल और सौहार्द वातावरण में मनाएं। जिससे क्षेत्र की सुख समृद्धि और शांति बनीं रहे। बैठक में कहा गया कि डीजे साउंड पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। साथ ही हुड़दंगियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। बैठक में जीप प्रतिनिधि भरत साव, मुखिया रामदेव यादव, विकास सिंह, मुखिया प्रतिनिधि अशोक यादव, मुकेश साहू एवं टुन्नी सिंह तथा नगीन सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। कोडरमा| झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट में गुरुवार को पुलिस लाइन मैदान, चंदवारा में रांची और पलामू के बीच मुकाबला खेला गया। शानदार प्रदर्शन करते हुए रांची ने पलामू को 238 रन से पराजित किया।पहले बल्लेबाजी करते हुए रांची की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 343 रन बनाए। रांची की ओर से शिवांक ने शानदार 155 रन, वैभव ने 83 रन और आयुष ने 36 रन का योगदान दिया। पलामू की गेंदबाजी में आशीष ने 4 विकेट, जबकि प्रकाश और सुमित ने 1-1 विकेट लिया। जवाबी पारी में पलामू की टीम 19.4 ओवर में मात्र 105 रन पर सिमट गई। पलामू की ओर से दौलत ने 51 रन और नमन ने 15 रन बनाए। रांची की गेंदबाजी में अतुल्य लाल ने घातक प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट झटके, जबकि राजकुमार गिरी ने 3 विकेट लिए। बेहतर खेल के लिए रांची के अतुल्य लाल को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।मौके पर टीआरडीओ विनोद खुल्लर, अंपायर हेमंत ठाकुर व शशि रंजन झा, स्कोरर गजेंद्र प्रसाद, सचिव दिनेश सिंह, मनोज सहाय, पिंकू, उमेश सिंह, आलोक पांडे सहित अन्य मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *